कानपुर। उत्तर प्रदेश कल्याणकारी व्यापार मंडल की सभी क्षेत्रीय इकाइयों को भंग करके इसे चार जोन में बांटा गया है। यह निर्णय सोमवार को कल्याणपुर कार्यालय में प्रदेश प्रभारी संदीप पांडेय के नेतृत्व में हुई मंडल की बैठक में लिया गया। इस दौरान चुनाव कार्यक्रम की घोषणा हुई। 16 जून को जोनल प्रभारियों की नियुक्ति होगी।
प्रदेश प्रभारी ने बताया कि कल्याणपुर उत्तरी कल्याणपुर दक्षिणी आवास विकास एक, आवास विकास तीन, बिठूर, सिंहपुर, चौबेपुर, बिल्हौर, ककवन, मंधना व्यापार संगठन, गिट्टी मौरंग व्यापार मंडल, एल्युमिनियम फैब्रिकेटर एसोसिएशन, इंद्रानगर व्यापार मंडल, किराना व्यापार मंडल, फोटोग्राफर एसोसिएशन समेत सभी इकाइयों को भंग कर दिया है। अब संगठन को चार जोन में बांटा गया है। कानपुर उत्तर, कानपुर दक्षिण, कानपुर सेंट्रल और कानपुर पश्चिम। इनके जोनल प्रभारियों की नियुक्ति 16 जून को की जाएगी। उसके बाद इन्हीं जोनल अधिकारियों की देखरेख में क्षेत्रीय व्यापार मंडल के चुनाव कराए जाएंगे। चुनावों में शामिल होने के लिए 20 जून से संगठन के कार्यालय में आवेदन फॉर्म मिलेंगे। आवेदन पत्र जमा करने की तिथि 24 जून है। 26 जून को नाम वापसी होगी। मतदान की तिथि अलग-अलग क्षेत्रीय व्यापार मंडलों के सुझावों के अनुसार घोषित की जाएगी। नावेद खान, टीटू भाटिया, आशुतोष तिवारी, निजाम अहमद,भूपेंद्र सिंह, देवदत्त यादव, आनंद गौतम, उमा शंकर राजपूत, मनोज कुमार राजन आदि मौजूद रहे।