कानपुर। ग्रीनपार्क स्टेडियम के बहुउद्देशीय हॉल में चल रहे स्व. सीताराम पांडेय स्मृति द्वितीय उत्तर प्रदेश स्टेट सीनियर मेजर बैडमिंटन टूर्नामेंट-2026 में शनिवार को क्वार्टर फाइनल मुकाबले पूरे हो गए। पुरुष एकल वर्ग में सिद्धार्थ मिश्रा, सिद्धांत सालार, नीर नेहवाल और राजन यादव ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। महिला एकल में दिव्यांशी गौतम, तरनजीत कौर बासी, काजल पंवार और कुहू ने अंतिम चार में जगह बनाई।
पुरुष एकल में लखनऊ के सिद्धार्थ मिश्रा ने सहारनपुर के अंश हांडा को 15-12, 15-4 से हराया। लखीमपुर खीरी के सिद्धांत सालार ने झांसी के सनरेख चौरसिया को 15-9, 15-11 से शिकस्त दी। नोएडा के नीर नेहवाल ने मुरादाबाद के देवांग तोमर को 8-15, 15-8, 15-9 से पराजित किया। यूपीपी के राजन यादव ने वाराणसी के अभ्यांश सिंह को 12-15, 16-14, 15-12 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई। महिला एकल में आगरा की दिव्यांशी गौतम ने नोएडा की स्नेहा मौर्या को 15-10, 15-7 से हराया। मुरादाबाद की तरनजीत कौर बासी ने मुजफ्फरनगर की नलिन किशोर को 15-7, 15-6 से शिकस्त दी। हापुड़ की काजल पंवार ने वाराणसी की नेहल पाल को 15-6, 15-7 से और आगरा की कुहू ने लखनऊ की स्नेहा सिंह को 15-17, 15-9, 15-7 से हराया।
मिश्रित युगल में स्मित सिंह-रिद्धि भारद्वाज, अर्चित सिन्हा-विभूति सिन्हा, प्रदीप चौधरी-समीक्षा त्यागी और अभ्यांश सिंह-रिद्धिमा सिंह की जोड़ियों ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया। पुरुष युगल में आयुष अग्रवाल-दक्ष गौतम, अतुल कुमार-प्रदीप कुमार, अर्चित सिन्हा-शिवम वर्मा तथा आरुष श्रीवास्तव-राजन यादव की जोड़ियां भी अंतिम चार में पहुंची। प्रतियोगिता के दौरान स्विट्जरलैंड से आए इंजीनियर जेजे पिटेट, रीता सक्सेना, स्कॉलरशिप मिशन स्कूल की प्रधानाचार्य, कानपुर बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज पांडेय और अध्यक्ष डॉ. एके अग्रवाल मौजूद रहे।