गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के राजधानी मार्ग पर गोपीनाथपुरम मोड़ के पास रविवार की रात चोर एक हार्डवेयर की दुकान में सेंध लगाकर तीन लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए। साथ ही दुकान में लगा सीसीटीवी का डीवीआर भी उठा ले गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने पहुंचकर जांच पड़ताल की। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है।
गोपीनाथपुरम निवासी भरत साहू ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि गोपीनाथपुरम मोड़ के पास उनकी हार्डवेयर की दुकान है। रविवार की रात लगभग 7:30 बजे वह रोजाना की तरह दुकान बंदकर घर चले गए थे। सोमवार की सुबह 10:30 बजे वह दुकान खोलने पहुंचे। शटर खोलने पर दुकान के अंदर सीढ़ी लगी मिली। अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। गुल्लक में रखा तीन लाख रुपया नकद और दुकान में लगा सीसीटीवी का डीवीआर गायब था। स्टोर के पिछले हिस्से में दीवार में सेंध लगी मिली है।
उधर, सूचना मिलने पर गंगाघाट कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। दुकानदार ने पुलिस को बताया कि लगभग डेढ़ फीट चौड़ा और दो फीट लंबा दीवार में छेद बनाकर चोर अंदर घुसे हैं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। चोर ने खाली पड़े प्लाट में लगे पिलर के सहारे सेंध लगाया है। संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।
रेकी के बाद वारदात को अंजाम देने की आशंका
शुक्लागंज। दुकानदार भरत साहू का कहना है कि जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया गया है। उससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने पहले उनकी दुकान की रेकी की होगी और कैमरे और डीवीआर कहां लगे हैं एवं कहां से घुसा जा सकता है। इसका पता लगाया होगा। इसके बाद घटना को अंजाम दिया गया। प्रत्येक सोमवार को वह व्यापारियों को भुगतान करते हैं। इसके चलते शनिवार व रविवार को कैश एकत्र कर दुकान में रखते हैं। चोरों को यह जानकारी भी थी।