गंगाघाट नगर पालिका ने गुरुवार को तिकुनिया पार्क रेलवे क्रॉसिंग ढाल से सब्जी मंडी बाला जी गली मोड़ तक अतिक्रमण हटवाया। इस दौरान लगभग 50 से ज्यादा कच्चे पक्के अवैध निर्माण जेसीबी से ध्वस्त कराए गए। अभियान के दौरान कब्जा करने वालों और पालिका ईओ में नोकझोंक भी हुई। लेकिन पुलिस फोर्स की मौजूदगी में किसी की नहीं चली।
गुरुवार को दोपहर 2:30 बजे पालिका ईओ मुकेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। ईओ ने बताया कि पालिका की ओर से दो बार मुनादी कराई जा चुकी थी। इसके बाद भी लोग अतिक्रमण नहीं हटा रहे थे। इसके चलते तिकुनिया पार्क रेलवे क्रॉसिंग ढाल से सब्जी मंडी बाला जी गली के मोड़ तक सड़क के एक छोर का अतिक्रमण हटाया गया। 50 से अधिक कच्चे पक्के अवैध निर्माण जेसीबी से ढहाए गए। कुछ लोग अपना समान नहीं हटा रहे थे, जिसे जब्त करने की कार्रवाई की गई। अभियान पुन: चलाकर बाकी अतिक्रमण हटाया जाएगा। मालूम हो कि बीते दिनों मुनादी कराने के बाद भी पालिका प्रशासन के अतिक्रमण न हटाने के बाबत अमर उजाला ने प्रमुखता से छापा था। खबर को संज्ञान लेकर गुरुवार को यह अभियान चलाया गया।