इटावा। डीएम के आदेश पर श्रावस्ती मॉडल पर पर जिले के छह तहसीलों के 14 ग्रामों में 12.614 हेक्टेयर जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया।
गुरुवार को एडीएम वित्त एवं राजस्व अभिनव रंजन श्रीवास्तव के निर्देश पर जिले के छह तहसीलों के कुल 14 ग्रामों में संयुक्त टीमें विवादों के समाधान करने पहुंची। इस दौरान टीमों ने कुल 78 मामले चिह्नित कर दोनों पक्षों पर विवाद कर उनकी समस्या का निस्तारण कराया। जांच व पैमाइश करके 12.614 हेक्टेयर रकवा जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया।
इसमें 17 नाली, 29 रास्ते, दो तालाब,दो चारागाह, एक खलिहान, सात खाद के गड्ढे, सात बंजर भूमि, तीन निजी भूमि और चार अन्य प्रकार की भूमि को खाली कराया गया। श्रावस्ती मॉडल के तहत अब तक जिले में 344 ग्रामों में कुल 2010 प्रकरणों में भूमि विवादों के तहत 249.453 हेक्टेयर भूमि कब्जा मुक्त कराया गया। एडीएम ने बताया कि जिले में यह अभियान जारी रहेगा। अवैध कब्जे वाली भूमि का दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद उसका निस्तारण का भूमि काे कब्जा मुक्त कराया जाएगा।