रसूलाबाद।
जिला पंचायत सदस्य की जीत के जश्न में की फायरिंग में थाना क्षेत्र के जोत
गांव में एक युवक की मौत हो गई है। जख्मी युवक को निजी डाक्टर के पास ले
गए, जहां से कानपुर रेफर कर दिया गया। कानपुर ले जाते वक्त रास्ते में ही
युवक ने दम तोड़ दिया।
स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंची। फायरिंग की बात पर
गांव में किसी ने पुष्टि नहीं की। देरशाम पुलिस अधीक्षक सभा राज ने हल्का
इंचार्ज सुनील जोशी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। गोलीकांड घटना
की जांच सीओ रसूलाबाद को दी है। मामले में एसपी ने कहा कि किसी भी दशा में
जश्र या जुलूस निकालना आचार संहिता का उल्लंघन माना जाएगा। लोगों पर सख्त
कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार की सुबह घटनास्थल पर पहुंचे एसआई सुनील
जोशी ने बताया कि जिला पंचायत सदस्य रसूलाबाद प्रथम सीट से सुंदरलाल पांडेय
जीते थे। कुछ युवक पटाखा फोड़कर जीत का जश्न मना रहे थे। इसी बीच किसी
समर्थक ने फायर कर दिया। जोत गांव के मुकेश (25) पुत्र सुखदेव और रामदत्त
(60) पुत्र स्वामी दयाल गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली लगने से मुकेश की
हालत गंभीर हो गई।
मुकेश की हालत गंभीर होने पर कानपुर रेफर कर दिया गया।
परिजन आनन फानन में घायल को कानपुर ले गए। कानपुर पहुंचने से पहले ही मुकेश
की मौत हो गई। गांव में युवक की मौत सूचना मिलते ही जीत की खुशियां मातम
तब्दील हो गई। गांव में कोहराम मच गया।