औरैया जिले के कोतवाली क्षेत्र में फूलमती मंदिर के पास जूता-चप्पल व पान की दुकान में मंगलवार की आधी रात में आग लग गई। दुकान में अंदर सो रहा व्यापारी जिंदा जल गया। फायर ब्रिगेड करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझा पाई।
पत्नी ने दुकान मालिक पिता-पुत्र पर आग लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतक के चाचा की तहरीर पर आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। मोहल्ला परिहार टोला निवासी अंजनी पुत्र सूरज प्रसाद ने बताया कि मैं और मेरा भतीजा राधा मोहन (55) मोहल्ला फूलगंज मार्केट में जूता-चप्पल व पान की दुकान किए हैं।
मंगलवार की रात भतीजा राधा मोहन दुकान के अंदर सो रहा था। रात लगभग पौने 12 बजे अचानक से दुकान में आग लग गई। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने फायर ब्रिगेड को फोन किया और आग बुझाने का प्रयास किया।
दमकल को करीब दो घंटे आग बुझाने में लगे। इसमें करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हो गया है। पत्नी ने दुकान मालिक पिता-पुत्र पर आग लगाने का आरोप लगाया है। वहीं, मृतक के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने दुकान मालिक लक्ष्मीनारायन व उनके पुत्र शशांक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।