Kanpur News: घाटमपुर में ग्राम समाज की जमीन पर शिवलिंग निकल आया। ग्रामीणों ने शिवलिंग की पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन शुरू कर दिया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
कानपुर में घाटमपुर विकास खंड क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव के किनारे ग्राम समाज की भूमि पर सुबह लोगों ने एक शिवलिंग देखा। मौके पर पहुंचे लोगों ने शिवलिंग को खोदकर जमीन से बाहर निकालवाया। साथ ही, आचार्य को बुलाकर पूजा-अर्चना कराई। इसके बाद टेंट लगाकर भगवान शिव के भजन-कीर्तन शुरू कर दिए।
विज्ञापन
रघुनाथपुर निवासी जहर सिंह ने बताया कि वह रोजाना गांव के किनारे स्थित देवी मंदिर मे पूजा करने जाते हैं। प्रतिदिन की तरह वह गुरुवार को सुबह मंदिर से पूजापाठ कर वापस घर लौट रहे थे। तभी उन्हे खाली पड़ी सरकारी जमीन में शिवलिंग जैसा कुछ दिखाई पड़ा। इसकी सूचना उन्होंने गांव के लोगों को दी।
जानकारी ह़ोते ही मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने साबर से खुदाई कर शिवलिंग को बाहर निकाला। इसके बाद ग्रामीणों ने पूजा-अर्चना शुरू कर दी। टेंट लगाकर ग्रामीणों ने भजन-कीर्तन शुरू कर दिया है। उप जिलाअधिकारी यादवेंद्र सिंह ने बताया कि शिवलिंग निकलने की जानकारी मिली है। चौकी इंचार्ज पतारा को जानकारी जुटाने के लिए निर्देशित किया गया है।