यूपी के उन्नाव जिले में रविवार को गेटमैन की सूझबूझ से एक बड़ा रेल हदसा टल गया। लखनऊ-कानपुर रेलमार्ग पर कुसुंभी रेलवे स्टेशन के पास रेलवे क्रासिंग पार कर रहे लोडर का एक्सल टूटने से लोडर एक झटके के साथ ट्रैक पर खड़ा हो गया। इस दौरान स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस का सिग्नल था। गेटमैन की सूचना पर शताब्दी एक्सप्रेस को जैतीपुर स्टेशन पर रोका गया। करीब दस मिनट शताब्दी एक्सप्रेस खड़ी रही। उधर, आरपीएफ ने लोडर चालक को हिरासत में लिया है।
रविवार शाम करीब चार बजे नवाबगंज से हसनगंज जा रहे प्लास्टिक पाइप लदे लोडर का कुसुंभी रेलवे क्रासिंग पार करते समय एक्सल टूट गया। इससे लोडर ट्रैक के बीचों बीच खड़ा हो गया। इस बीच अप ट्रैक पर स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस के आने का सिग्नल हो गया। गेटमैन की सूचना पर स्टेशन मास्टर ने कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी देकर शताब्दी एक्सप्रेस का जैतीपुर रेलवे स्टेशन पर ठहराव कराया। गेटमैन ने राहगीरों की मदद से लोडर को ट्रैक के बाहर हटवाया।
इस दौरान करीब दस मिनट शताब्दी एक्सप्रेस खड़ी रही। ट्रैक से लोडर हटने के बाद ट्रेन को रवाना किया गया। आरपीएफ इंस्पेक्टर श्रीनिवास मिश्रा ने बताया कि लोडर चालक हसनगंज निवासी चालक सुशील कुमार को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा लोडर को भी कब्जे में लिया गया है। रेलवे एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।