हमीरपुर में रहने वाले नेवी कर्मी ने कानपुर देहात की रहने वाली अपनी महिला दोस्त को हरबंश मोहाल स्थित एक परिचित के घर पर ले जाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद शादी करने का झांसा देकर उसे शांत करा दिया। जब शादी का दबाव बनाया तो भारी भरकम दहेज की मांग कर दी।
इस पर युवती ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। सोमवार को पीड़िता के कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे। देहात के एक गांव में रहने वाली युवती ने पुलिस को बताया कि उसकी लंबे समय से हमीरपुर के सहजना गांव निवासी विकास सचान से दोस्ती थी।
आरोप है कि विकास उसे एक दिन धोखे से हरबंश मोहाल में रहने वाले अपने परिचित के घर ले गया। वहां बंधक बना कर उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर शादी का झांसा देकर शांत करा दिया। इस बीच विकास की नौकरी नेवी में लग गई।
युवती का परिवार शादी की बातचीत के लिए उनके घर पर मिलने पहुंचा तो पहले मना कर दिया। ज्यादा दबाव डालने पर लाखों रुपये दहेज की मांग कर दी। कई दिनों तक बातचीत का सिलसिला चलता रहा, लेकिन आरोपी के परिजन शादी को तैयार नहीं हुए।
हरवंश मोहाल थानाप्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि नेवी कर्मी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।