यौन उत्पीड़न का शिकार आईआईटी की पीएचडी छात्रा ने एसीपी मोहसिन खान के खिलाफ दर्ज कराए मानहानि और धमकी के मामले में शनिवार को अपने बयान दर्ज कराए। एसआईटी ने डेढ़ घंटे तक आईआईटी की लैब में पीड़ित छात्रा से बातचीत कर बयान दर्ज किए। सूत्रों की मानें तो पीड़ित छात्रा ने एफआईआर में लिखी बातों को दोहराया है। पीड़ित छात्रा के बयान दर्ज करने के बाद एसआईटी और विवेचक ने मामले की जांच तेज कर दी है।
आईआईटी की पीएचडी छात्रा ने कल्याणपुर थाने में तत्कालीन कलक्टरगंज एसीपी मोहसिन खान के खिलाफ शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने व अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई थी। दूसरी एफआईआर मानहानि और धमकी देने व समेत अन्य धाराओं में मोहसिन और उसके अधिवक्ता के खिलाफ कल्याणपुर थाने में ही दर्ज कराई थी। इन दोनों मामलों की विवेचना एसआईटी कर रही है। यौन शोषण के मामले में एसआईटी पहले ही कोर्ट में पीड़ित छात्रा के बयान दर्ज करा चुकी है। विवेचक भी बयान दर्ज कर चुकी हैं। शनिवार को विवेचक और उनकी टीम ने आईआईटी पहुंचकर पीड़ित छात्रा के दूसरे केस में बयान दर्ज किए।