कानपुर। दर्शनपुरवा के नसीमाबाद क्षेत्र में तीन माह से सीवर के पानी की आपूर्ति की जा रही है। क्षेत्र के लोगों ने कई बार अधिकारियों से शिकायत की लेकिन शुद्ध पानी नहीं मिल पा रहा। अब लोगों ने नगर आयुक्त से शिकायत की है।
क्षेत्र की नीलम शर्मा, सुशील, गोपी, निशा सिंह, सुशील कुमार, रानू, वर्षा आदि ने बताया कि तीन माह से जलकल की लाइनों से दूषित पानी आ रहा है। शुरुआत में एकदम काला पानी आता है। कुछ देर चलाने के बाद पानी थोड़ा साफ होता लेकिन इस्तेमाल करने लायक फिर भी नहीं रहता है। लोगों का कहना है कि पीने के लिए बाजार से पानी लाते या फिर क्षेत्र के जिन घरों में सबमर्सिबल पंप लगे हैं उनका सहारा लेना पड़ता है।
आरोप है कि मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई थी लेकिन समाधान नहीं हुआ। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पानी की लाइन बिछाई जा रही है। इसमें एक नर्सिंगहोम के सामने छोड़ दिया गया है। ऐसे में कनेक्टिविटी न होने की वजह से भविष्य में पानी नहीं मिल पाएगा।
जलकल जोन पांच के अवर अभियंता राकेश यादव ने बताया कि नसीमाबाद क्षेत्र में पानी की लाइन में सीवर का पानी मिल रहा था। एक जगह इसे ठीक करा दिया गया है। दूसरी जगह भी इस तरह की समस्या मिली है। इसे भी कराया जा रहा है। दो दिन के अंदर समस्या का समाधान करा देंगे।