कानपुर। मंडलीय उद्योग बंधु की बैठक में शहर के सभी औद्योगिक क्षेत्रों में सीवर लाइन बिछाने पर अनुमति दी गई। इस्पातनगर में 92 करोड़ से उद्यमियों की प्राथमिकता के आधार पर सड़कें और नाली बनवाने के निर्देश अफसरों को दिए गए। फजलगंज-गड़रियनपुरवा में नो इंट्री से उद्योगों पर पड़ रहे प्रभाव की समस्या रखी गई। इस पर मंडल के बड़े अफसर ने डीसीपी ट्रैफिक को उद्यमी संगठनों के साथ निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। बताया गया कि पनकी फायर स्टेशन का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा।
बैठक में फीटा के महासचिव उमंग अग्रवाल ने फजलगंज में जलनिगम की ओर से हुए सीवर के काम की फोटो दिखाई। इसमें दिखाया गया कि आजतक पूरा काम नहीं किया गया जबकि सितंबर और अक्तूबर में जलनिगम ने काम पूरा होने के रिपोर्ट लगा दी। संबंधित अफसर से स्पष्टीकरण लेने और पूरा काम करवाने के निर्देश दिए। सभी औद्योगिक क्षेत्रों में सीवर लाइन बिछाने पर सहमति जताने के साथ ही 45 दिन में डीपीआर बनाने के निर्देश दिए।
पनकी और इस्पातनगर में पानी की टंकी बनाने और टयूबवेल बनवाने के निर्देश दिए गए। भौंती कूड़ा प्लाट में लगे कूड़ा के ढेर का जल्द से जल्द से निस्तारण करवाने की मांग उद्यमियों ने उठाई। राजकीय निर्माण निगम के अफसर ने बताया कि पनकी में फायर स्टेशन के लिए टेंडर जारी किए जा रहे हैं। संयुक्त आयुक्त उद्योग सुनील कुमार, उपायुक्त उद्योग अंजनीश प्रताप सिंह, मनोज बंका, बृजेश अवस्थी, लाडली प्रसाद, संदीप अवस्थी आदि मौजूद रहे।