बकेवर। अलग-अलग स्थानों पर चार बाइकों की टक्कर में दो महिलाओं सहित सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। क्षेत्र के ग्राम कोठी शेरपुर निवासी दीपेंद्र कुशवाहा अपने फूफा रोहन सिंह व बुआ साधना निवासी आगरा को लेकर बाइक से जा रहा था।
सोमवार दोपहर दो बजे कोठी शेरपुर संपर्क मार्ग से नेशनल हाईवे के सर्विस रोड पर दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों बाइक पर बुआ-फूफा व भतीजा और दूसरी बाइक पर क्षेत्र के ही ग्राम नगला मिलक निवासी अमर सिंह पुत्र मुंशीलाल व उनके ही गांव की महिला रश्मि घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर एंबुलेंस से घायलों को 50 शैया अस्पताल भिजवाया।
वहीं, लखना कस्बा में पुराना नहर पुल पर लखना निवासी आकाश कुशवाहा अपनी बाइक से पुराने पुल की तरफ जा रहा था। तभी नहर पटरी के किनारे करौंधी की तरफ से आ रहे बाइक सवार की टक्कर हो गई। जिससे आकाश कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवक राहुल निवासी नगला खजुरिया भी घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए भिजवाने के बाद दोनों बाइकों को लाकर थाना में खड़ा करा दिया।
स्कूटी और बाइक की टककर में तीन लोग घायल
जसवंतनगर। क्षेत्र के ग्राम जल पोखरा निवासी वासुदेव पुत्र हरिश्चंद्र ग्राम नगला नवल स्कूटी से रविवार देर शाम दावत में शामिल होने जा रहे थे। साथ में उनके ससुर जयवीर पुत्र रघुवंशी निवासी नगला रते जिला मैनपुरी भी स्कूटी पर सवार थे। जैसे ही आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर पहुंचे।
तभी इटावा जाने वाली सड़क पर कुरसेना के पास जिला हाथरस थाना सैफउ ग्राम गढ़ी निवासी सलमान पुत्र हनीफ की बाइक में स्कूटी की सामने से टक्कर हो गई। जिससे स्कूटी और बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी भिजवाया गया। जहां से डॉक्टर ने तीनों गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।