चकरनगर। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से आयोजित होने वाली विधायक खेल स्पर्धा में खिलाड़ियों के चयन के लिए ब्लॉक स्तर पर ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। ब्लॉक स्तरीय यह खेलकूद प्रतियोगिता आगामी सात व आठ नवंबर को होगी।
युवा कल्याण अधिकारी मिकन सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन ग्रामीण स्टेडियम चांदई, डिभौली में सुबह नौ बजे से शुरू होगा। इसमें तीन वर्गों सब जूनियर, जूनियर और सीनियर बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ी भाग लेंगे।
खिलाड़ियों की प्रतिभा और खेल कौशल के आधार पर चयन किया जाएगा, जिन्हें आगे मंडल और जिला स्तर पर प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। इस प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबॉल, कुश्ती और बैडमिंटन जैसे कई खेल शामिल किए गए हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के उभरते खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका देना है।
उन्होंने सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों और खेल प्रशिक्षकों से खिलाड़ियों को ट्रायल में शामिल होने के लिए प्रेरित करने की अपील की है। खेल प्रतियोगिता के दौरान चयन समिति खिलाड़ियों का चयन करेगी।