बांदा। एक माह से अधिक समय से अनुपस्थित 24 संविदा चालकों और परिचालकों को सेवा समाप्त करने की नोटिस दी गई है। सड़क परिवहन निगम चित्रकूटधाम मंडल मुख्यालय के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक परमानंद ने बताया कि 11 संविदा चालक व 9 परिचालक एक माह से अधिक समय से अनुपस्थित चल रहे हैं।
उनके द्वारा कार्यालय को किसी भी प्रकार की सूचना नहीं दी गई है। चार संविदा चालक व परिचालक माह में एक या दो बार ही ड्यूटी कर रहे हैं। चालक-परिचालकों की कमी से बसों के परिचालन में दिक्कतें आ रही हैं।
राजस्व की क्षति हो रही है। ऐसे चालक-परिचालकों को सेवा समाप्ति की नोटिस दी गई है। उन्हें 23 जून तक कार्यालय में उपस्थित होकर कारण स्पष्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। इस अवधि के बाद उनकी सेवा समाप्त कर दी जाएगी। ये सभी संविदा कर्मी हैं।