कानपुर। केडीए उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल ने शुक्रवार को बैठक कर न्यू कानपुर सिटी योजना विकसित करने से पहले रेरा में पंजीकरण के लिए 10 दिन में रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अटलनगर योजना में डेवलपर नियुक्त करने के लिए जल्द टेंडर जारी करने और ग्रेटर कानपुर योजना के लिए चिह्नित गांवों का सर्वे पूरा करने के लिए कहा।
केडीए उपाध्यक्ष ने कहा कि न्यू कानपुर सिटी फेज-1 तहत केडीए ने और जमीन खरीदी है। इससे फेज-1 के लिए रेरा में पंजीकरण हो सकता है। सड़क निर्माण की अड़चन भी दूर हो जाएगी। रूमा के पास गांव उचटी में अटलनगर योजना विकसित करने के लिए केडीए डेवलपर के माध्यम से जमीन खरीदेगा। इसके लिए डेवलपर नियुक्त करने के लिए आरएफपी (रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल) तैयार कर लिया गया है। इसके लिए जल्द टेंडर कराने के लिए कहा है। यह योजना लगभग 300 एकड़ में विकसित होगी। बैठक में केडीए सचिव अभय कुमार पांडेय, मुख्य नगर नियोजक मनोज कुमार, मुख्य अभियंता आरआरपी सिंह, जोन - 1 (सिविल) के सहायक अभियंता अमनदीप तिवारी आदि शामिल रहे।