कानपुर।
खेल निदेशालय उप्र की ओर से आयोजित होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2025 में हिस्सा लेने के लिए उप्र पुरुष व महिला टीम का चयन ट्रायल के आधार पर किया जाएगा। यह जानकारी ग्रीनपार्क के उप क्रीड़ाधिकारी अमित पाल ने दी।
उन्होंने बताया कि पुरुष हॉकी टीम का चयन ट्रायल 21 अप्रैल को सुबह 11 बजे पद्मश्री मो. शाहिद एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम विजयंत खंड गोमतीनगर, लखनऊ में होगा। बास्केटबॉल और वॉलीबाॅल पुरुष टीम का चयन ट्रायल 21 अप्रैल को सुबह 11 बजे मदनमोहन मालवीय स्पोर्ट्स स्टेडियम, प्रयागराज में होगा।
वहीं, कबड्डी महिला व खो-खो पुरुष और महिला टीम का चयन ट्रायल 22 अप्रैल को सुबह 11 बजे डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम वाराणसी में होेगा। मलखंभ पुरुष व महिला टीम का चयन ट्रायल 22 अप्रैल को सुबह 11 बजे से मेजर ध्यानचंद्र स्पोर्ट्स स्टेडियम झांसी में होगा।
इसमें हिस्सा लेने के इच्छुक खिलाड़ियों को अपना पंजीकरण खेलो इंडिया के एनएसआरएस पोर्टल पर करवाना होगा। ऐसा नहीं करने पर वह चयन ट्रायल में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।