टीम इंडिया के विस्फोटक बल्लेबाज रहे वीरेंद्र सहवाग की तरह ही इंजरी की चपेट में आए बजरिया कर्नलगंज के रौनक (18) का हैलट में सफल ऑपरेशन हुआ है। ऐसे ही चोट के ऑपरेशन का इलाज कराने वीरेंद्र सहवाग को लंदन भेजा गया था।
हैलट में हुए ऑपरेशन में तकरीबन दस हजार रुपये का खर्च आया। यही ऑपरेशन बाहर कराने पर दो लाख रुपये से ज्यादा का खर्च आता है।
15 दिन पहले खेल के दौरान रौनक ने स्लॉग स्वीप शॉट लगाया। शॉट लगाते ही उसके कंधे में दर्द हुआ और बल्ला हाथ से छूटकर गिर गया। इसके बाद वह बल्ला भी नहीं उठा पा रहा था। घर वालों ने हैलट के आर्थो विभाग में डॉ. चंदन कुमार और डॉ. फहीम अंसारी को दिखाया।
एक्सरे में पता चला कि कंधे की हड्डी के बीच की कोशिकाएं पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होने के कारण हड्डी आपस में टकरा रही है। डॉक्टरों ने छह दिन पहले आर्थोस्कोपी विधि का इस्तेमाल कर कोशिकाओं को ठीक किया। अब रौनक के कंधे में काफी सुधार है। सर्जरी के दौरान डॉ. विकास भी थे।