फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गंदगी देख कमिश्नर ने डीपीआरओ को लगाई फटकार

विज्ञापन
विज्ञापन
रनियां। सरवनखेड़ा ब्लॉक के लोदीपुर गांव का गुरुवार को कमिश्नर ने औचक निरीक्षण किया। घर पर आइसोलेट किए गए मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत देखी। इसके बाद पंचायत भवन में निगरानी समिति के साथ बैठक कर उन्हें आवश्यक निर्देश दिए। गांव में कई जगह गंदगी देख डीपीआरओ को कड़ी फटकार लगाई।
विज्ञापन

कमिश्नर राज शेखर ने लोदीपुर गांव के पंचायत भवन में गुरुवार को निगरानी समिति के सदस्यों के साथ बैठक की। रूरवा गांव की आशा शिल्पलता से संक्रमित मरीजों की संख्या के बाबत जानकारी ली। आशा के रजिस्टर में संक्रमितों के मोबाइल नंबर न मिलने पर कड़ी नाराजगी जताई। साथ ही होम आइसोलेट किए गए मरीजों के मोबाइल नंबर अवश्य दर्ज करने को कहा।
लोदीपुर गांव की आशा रानी देवी से संक्रमित मरीजों को दी जा रही सुविधाओं के बाबत जानकारी ली। गांव में सड़क किनारे कई जगह गंदगी देख कमिश्नर ने डीपीआरओ अनिल कुमार सिंह से फटकार लगाई। लोदीपुर ग्राम पंचायत में रुरवा व नंगापुर मजरा है। दोनों की आबादी 1320 है। इन गांवों में कमिश्नर को साफ सफाई की व्यवस्था ठीक नहीं मिली।
विज्ञापन

इसके बाद रनियां पीएचसी का निरीक्षण किया। मरीजों की नियमित जांच व टीकाकरण में लापरवाही न करने की हिदायत दी। सरवनखेड़ा पीएचसी प्रभारी विशाल दिवाकर से टीकाकरण के बारे में जानकारी ली। इस मौके पर डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह, सीएमओ डॉ. राजेश कटियार, एसडीएम राजीव राज, रनियां पीएचसी प्रभारी विशाल भसीम के अलावा जिले के अन्य अफसर व कर्मचारी मौजूद रहे।
संक्रमित मरीजों का जाना हालचाल
रनियां। रुरवा गांव की रहने वाली सावित्री देवी व शिवराम पूर्व में कोरोना संक्रमित हो गए थे। आशा ने जांच कराने के बाद उन्हें दवाएं उपलब्ध कराईं। कमिश्नर राज शेखर ने गुरुवार को होम आइसोलेट सावित्री व शिवराम के घर जाकर हालचाल पूछा। साथ की दवाओं की उपलब्धता के बाबत जानकारी ली।
वहीं बैठक के दौरान कमिश्नर ने आशा रानी देवी के रजिस्टर से गांव की सरला कोरी के बेटे सिपाही लाल का मोबाइल नंबर लिया। इसके बाद उन्होंने अपने फोन से सिपाही लाल को फोन किया और मां का हालचाल जाना।
कमिश्नर के आने से पहले तक होती रही सफाई
रनियां। लोदीपुर में कमिश्नर के आने की सूचना पर गांव को चमकाने की कोशिश कई दिनों से चल रही थी। इसके बाद भी पंचायत भवन के कमरों की सफाई नहीं कराई। वहां बुधवार को बरात ठहरी थी। बरात के जाने के बाद गंदगी फैली पड़ी थी। कमिश्नर को वहां निगरानी समिति के साथ बैठक करनी थी। कमिश्नर के आने से पहले पंचायत भवन में डीएम पहुंचे तो उन्होंने गंदगी देख कड़ी नाराजगी जताई। इसके बाद सफाई कर्मी को बुलाकर सफाई कराई गई।
गाड़ी रोक कर कमिश्नर ने गंदगी का बनाया वीडियो
रनियां। लोदीपुर गांव जाते समय कमिश्नर राज शेखर को फत्तेपुर रोशनाई गांव के पास गंदगी के ढेर दिखे। आबादी के नजदीक गंदगी देख कमिश्नर ने गाड़ी रुकवाई और इसका वीडियो बनाया। निगरानी समिति की बैठक में पहुंचे डीपीआरओ अनिल कुमार से कहा कि आबादी के पास गंदगी के ढेर लगे हैं। वीडियो बनाया है। एक सप्ताह के अंदर इसकी सफाई करा दें। मंडल से टीम भेजकर जांच कराएंगे, फिर भी गंदगी मिली तो कार्रवाई के लिए तैयार रहना।
रनियां पीएचसी में कम वैक्सीनेशन पर हुए खफा
कानपुर देहात। गांव भ्रमण के बाद कमिश्नर ने रनियां पीएचसी का निरीक्षण किया और कोरोना टेस्टिंग व वैक्सीनेशन प्रगति की समीक्षा की। 19 मई को सिर्फ 55 लोगों की टेस्टिंग मिलने पर असंतोष जताया। डीएम ने बताया कि केंद्र पर एक मई से लेकर अब तक कुल 831 लोगों का वैक्सीनेशन किया जा चुका है। खराब प्रगति पर कमिश्नर ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर उपस्थित एडी कानपुर मंडल को लगातार एक महीने तक जिले की वैक्सीनेशन प्रगति की जांच करने के निर्देश दिए।
गेहूं बिक्री का भुगतान न होने पर डीएम ने मांगी रिपोर्ट
कानपुर देहात। कमिश्नर के जाने के बाद डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने रनियां के आयुर्वेदिक अस्पताल का निरीक्षण किया। वहां सिर्फ कर्मियों की तैनाती होने पर असंतोष जताया। निर्देश दिए कि अस्पताल में चार स्वास्थ्य कर्मी तैनात किए जाएं। इसके बाद सहकारी संघ लिमिटेड रनियां का दौरा किया। वहां पर कोई भी उपस्थित नहीं मिला। उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए।
रनियां के गेहूं क्रय केंद्र का निरीक्षण कर मौजूद किसान अश्वनी कुमार से जानकारी ली। किसान ने बताया कि उसने केंद्र पर गेहूं बेंचा था। जिसका अभी तक भुगतान नहीं हुआ है। डीएम ने तहसीलदार अकबरपुर संजय सिंह को सोमवार तक इस संबंध में रिपोर्ट लेकर अवगत कराने को कहा। खरीद केंद्र में अव्यवस्था पर डीएम ने निराशा व्यक्त की और सुधार के निर्देश दिए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें