उन्नाव में कानपुर-लखनऊ रेलमार्ग पर शनिवार रात तेजस एक्सप्रेस आने के दौरान बाइक सवार युवक शुक्लागंज की बंद रेलवे क्रासिंग से निकलने का प्रयास कर रहे थे। तभी ट्रेन को पास आता देख वह चलती बाइक से कूदकर भाग निकले।
स्टेशन मास्टर की सूचना पर पहुंची आरपीएफ ने बाइक कब्जे में लेकर नंबर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है। दिल्ली से लखनऊ चलने वाली तेजस एक्सप्रेस शनिवार रात करीब 9:55 बजे डाउन लाइन पर शुक्लागंज रेलवे क्रासिंग से गुजर रही थी।
तभी एक बाइक पर सवार तीन युवक निकलने की जल्दी में क्रासिंग पार कर ट्रैक पर आ गए। गाड़ी को पास आता देख वह स्टार्ट बाइक को ट्रैक एक पर छोड़कर भाग निकले। इससे बाइक एक नंबर ट्रैक में फंसकर बंद हो गई। जबकि दो नंबर से ट्रेन धड़धड़ाते हुए निकल गई।
रेलवे कर्मियों के मुताबिक, यदि बाइक दो नंबर डाउन ट्रैक पर पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। स्टेशन मास्टर कुंवर पाल ने इसकी सूचना आरपीएफ को दी। आरपीएफ चौकी प्रभारी डीके शर्मा ने बाइक को कब्जे में लिया। आरपीएफ प्रभारी श्रीनिवास मिश्रा ने बताया कि बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। गाड़ी रनथ्रू निकली थी।