ऊसराहार (इटावा), थाना क्षेत्र के वैदपुरा गांव में प्रेमी युगल को एक साथ देखकर युवती के पिता और भाई ने पहले दोनों को मकान में खंभे से बांधकर पीटा। फिर मकान के बाहर लाकर कुल्हाड़ियों से कई वार किए। युवती की मौत हो गई और युवक गंभीर हालत में पीजीआई सैफई में भर्ती है। युवक के पिता ने युवती के पिता और भाई के खिलाफ तहरीर दी है।
वैदपुरा गांव निवासी अवधेश (18) पुत्र बारेलाल यादव ट्रक का हेल्पर का है। उसका गांव की पूजा (20) पुत्री गिरीश यादव के साथ करीब पांच महीने से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शुक्रवार शाम को दोनों ग्राम प्रधान के बंद मकान में मिलने पहुंच गए।
शाम करीब पांच बजे जानकारी होने पर युवती के पिता और भाई कुंतेश यादव वहां पर पहुंच गए। दोनों को एक साथ देख गुस्साए बाप-बेटे ने दोनों को मकान में एक खंभे में बांधकर लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। इसके बाद अवधेश को घसीटते हुए मकान से बाहर करीब 50 मीटर दूर मैदान में ले आए और कुल्हाड़ी से कई वार कर दिए। अवधेश को मृत समझकर दोनों मकान में गए और फिर पूजा को घसीटते लाए। उस पर भी कुल्हाड़ी से कई वार किए।
ग्रामीणों की सूचना पर करीब डेढ़ घंटे बाद पुलिस पहुंची और दोनों को सरसईनावर सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टर ने पूजा को मृत घोषित कर अवधेश को सैफई पीजीआई रेफर कर दिया। एएसपी ओमवीर सिंह, सीओ भरथना आलोक प्रसाद भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों और युवक के घर में मौजूद महिलाओं से जानकारी ली। युवक के पिता ने युवती के भाई और पिता के खिलाफ तहरीर दी।
थाना प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अवधेश के घर की महिलाओं ने युवती के पिता और भाई पर आरोप लगाया है। देर रात तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।
दोनों के बीच करीब पांच महीने से प्रेम प्रसंग चल रहा था। हत्या में युवती के परिवार के लोगों के शामिल होने की जानकारी मिली है, जांच की जा रही है। आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमें बनाई गई हैं।
- ओमवीर सिंह, एएसपी