इटवा। जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हो गईं हैं। हालत यह है कि डॉक्टर को आज दिखाओ तो वेटिंग के कारण दूसरे दिन जांच हो सकेगी। पैथालॉजी में अर्थिंग अधिक आने से सोमवार को मशीनें बंद हो गई थी। हालांकि शाम तक अर्थिंग समस्या सही होने से मशीन शुरू हो गई थी पर जांच नहीं की जा सकी। जिससे जिला अस्पताल में मरीजों की वेटिंग चल रही हैं। हालत यह रही कि मंगलवार को भी गर्भवती महिलाओं समेत मरीजों की थायराइड की जांच नहीं हो सकी। मरीजों की समस्या जस की तस बनी है। दूर से आए मरीजों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
डॉ. बीआर आंबेडकर संयुक्त जिला अस्पताल में 1335 मरीजों ने मंगलवार को पंजीकरण करवाया। इसमें डॉक्टर ने मरीजों को देखने के बाद 383 मरीजों को जांचें लिखी। इसमें थायराइड की 160 जांचें लिखी गई। इसमें जिला अस्पताल व महिला अस्पताल की गर्भवती महिलाएं शामिल रहीं। यह महिलाएं पैथालॉजी में जांच कराने पहुंची तो उनका पर्चा ले लिया गया, लेकिन उनकी जांच नहीं की गई। उन्हें दूसरे दिन बुलाया गया। वजह पूछने पर बताया कि पैथोलॉजी में अर्थिंग अधिक आने से सोमवार को मशीन नहीं चल सकी थी। इसकी वजह से 150 से अधिक जांचें मंगलवार को की जा रही है। इसलिए मंगलवार को आने वाले पर्चों की जांचें अगले दिन की जाएगी। एक-दो दिन में यह व्यवस्था सामान्य हो जाएगी। इसके बाद मरीजों को परेशान नहीं होना पड़ेगा।