अकबरपुर थाना क्षेत्र के उमरन स्थित एक फैक्ट्री में गार्ड की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। गार्ड का शव फैक्ट्री के अंदर पाए जाने पर की खबर सुनकर आक्रोशित ग्रामीणों ने और परिजनों ने हाइवे जाम कर दिया।
सूचना पर पहुंचे अफसरों ने परिजनों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। फिलहाल पुलिस को अभी तक तहरीर नहीं मिली है।
अकबरपुर कसबे के नेहरू नगर निवासी समरथ सिंह (48) वर्ष 2007 में सेना में सूबेदार पद रिटायर हुआ था। वह उमरन कसबे की एक फैक्ट्री में गार्ड की नौकरी कर रहा था।
समरथ गत गुरुवार की शाम चार से 12 बजे की शिफ्ट में ड्यूटी कर रहा था। फैक्ट्री में अन्य गार्ड ओमकार, रामकिशोर व श्याम सुंदर काम करते हैं। गत गुरुवार की देर रात समरथ का शव फैक्ट्री के अंदर शव पड़ा देखकर हड़कंप मच गया।
जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। मृतक की समधी ने बताया कि गत गुरुवार की रात दो बजे फैक्ट्री के ही गार्ड श्याम सुंदर ने उनको फोन पर उनकी मौत की सूचना दी थी। उन्होंने घरवालों सूचना दी। परिजन सूचना पाकर मौके पर आ गए।
शुक्रवार की सुबह घटना की जानकारी लगते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण आ गए और हाइवे जाम कर दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने दो घंटे तक जाम लगाए रखा।
मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी संजीव कुमार, एसडीएम सुश्री शेरी, तहसीलदार ओमप्रकाश शुक्ला, कोतवाल रामनिवास, रनियां चौकी इंचार्ज एसपी सिंह ने परिजनों को समझाबुझाकर जाम खुलवाया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। फिलहाल पुलिस को तहरीर नहीं मिल सकी थी। मृतक समरथ सिंह के दो बेटी व एक बेटा है।
बड़ी बेटी प्रीती का विवाह हो चुका है जबकि छोटी बेटी प्रिया कक्षा नौ की छात्रा है बेटा नीतेश बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र है। पिता की मौत पर बच्चों का रो-रोकर हाल बेहाल था।