बांदा जिले को सोमवार की देर शाम एक और सुखद खबर मिली। रविवार को मेडिकल कॉलेज में क्वारंटीन 28 लोगों की भेजी गई रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसमें शहर के गूलरनाका का जमाती युवक भी शामिल है। जिसकी पहली रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
इसके अलावा उसके परिवार के 15 सदस्य भी शामिल हैं। सभी की रिपोर्ट निगेटिव है। इनमें नगर पालिका सभासद प्रतिनिधि और एआईएमआईएम अध्यक्ष वाजिद अली और उनके भाई रोटी बैंक अध्यक्ष रिजवान अली भी शामिल हैं।
मेडिकल कालेज प्रधानाचार्य ने बताया कि पॉजिटिव जमाती युवक का अब तीसरा नमूना एक हफ्ते बाद फिर भेजा जाएगा। साथ ही शिव गांव में पाए गए पॉजिटिव जमाती का दूसरा नमूना मंगलवार को भेजा जाएगा। उधर, विश्वविख्यात हथौरा मदरसा के क्वारंटीन किए गए सभी चार छात्रों की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद भी फिलहाल मदरसा परिसर का क्वारंटीन ही रखा गया है।
छात्रों की निगेटिव रिपोर्ट आने के बाद मदरसा छात्रों और गांव के लोगों ने राहत महसूस करते हुए खुशी जताई है। पुलिस की तैनाती में क्वारंटीन व्यवस्था चल रही है। यह जानकारी मंडलायुक्त गौरव दयाल ने दी।