इटावा। लोकसभा चुनाव के लिए मतगणना की तैयारी राजनीतिक दलों की ओर से शुरू कर दी गई है। इसके लिए सभी पार्टियों के नेताओं ने तेजतर्रार कार्यकर्ताओं की सूची तैयार करनी शुरू कर दी है। जिसमें मतगणना के दौरान वह सही ढंग से अपनी जिम्मेदारी को निभा सके। इसके लिए पार्टियों की ओर से गुणा-भाग में तेज कार्यकर्ताओं को खोजने की कवायद शुरू कर दी है।
इटावा लोकसभा क्षेत्र में 13 मई को मतदान प्रक्रिया संपन्न करवाई गई थी। पांच विधानसभाओं वाली इस लोकसभा सीट में भाजपा, सपा व महिला समेत कुल सात प्रत्याशी चुनावी मैदान में है। प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला चार जून को होगा। इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से मतगणना स्थल मंडी परिसर को बनाया गया है।
परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजामात किए गए है। एक ओर प्रशासन गणना कार्मिकों के प्रशिक्षण के लिए तैयारी कर रहा है तो वहीं दूसरी ओर सपा, भाजपा व बसपा की ओर से भी मतगणना एजेंट बनाए जाने के लिए अभी से तेजतर्रार एवं जिम्मेदार कार्यकर्ताओं की सूची पार्टी के नेताओं की ओर से तैयार की जाने लगी है।
वहीं तीन मुख्य पार्टियों के अतिरिक्त अन्य दलों व निर्दलीय प्रत्याशी भी अपने एजेंट की सूची बनाने में जुटे है। हालांकि प्रत्याशी को कंपाइल रिपोर्ट तो जिला प्रशासन की ओर से प्रदान की जाएगी। फिर भी विधानसभा क्षेत्र स्तर पर गणना काफी तेजी से होने के कारण वहां की रिपोर्ट के आधार पर हार व जीत का आकलन पहले ही लगा लिया जाता है। इस लिहाज से प्रत्याशी अपने ढंग से तैयारी कर रहे है।