घटनास्थल पर पड़ा बाउंड्रीवाल का मलबा
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के फर्रुखाबाद जिले में शहर कोतवाली क्षेत्र के शांतिनगर पजाबा बिर्राबाग स्थित स्मार्ट किड्स एकेडमी विद्यालय के छत की बाउंड्रीवॉल समेत सात बच्चे पड़ोसी के आंगन में गिर गए। घायल चार बच्चों को नर्सिंगहोम भर्ती कराया गया, जिसमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी मौके पर पहुंचे।
स्कूल की छत पर बच्चे खेलते-खेलते बाउंड्रीवॉल से टकरा गए। इससे सात बच्चे बाउंड्रीवॉल समेत पड़ोसी देवेश बाजपेई के आंगन में जा गिरे। धमाके की आवाज सुनकर स्कूल की शिक्षिका सुनीता और ममता समेत आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। आनन-फानन में घायल बच्चों को नाला मछरट्टा स्थित एक नर्सिंगहोम ले जाया गया।
जानकारी मिलने पर घायल बच्चों के परिजन भी पहुंच गए, यहां से तीन बच्चों के परिजन दूसरे अस्पताल ले गए, जबकि घायल दिव्यांश दुबे (10) पुत्र बलराम दुबे निवासी कादरीगेट, कुनाल दुबे (10) पुत्र नितिन दुबे निवासी गंगानगर कालोनी, उज्जवल यादव (11) पुत्र श्यामपाल यादव निवासी शांतिनगर पजाबा और पवन सिंह (11) को भर्ती कर लिया गया। हालत गंभीर होने पर पवन को रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट रामअक्षयवर चौहान, सीओ सिटी रामलखन सरोज और खंड शिक्षाधिकारी संजय शुक्ला घटनास्थल पर पहुंचे और स्कूल के स्टाफ से घटना की जानकारी की। इसके बाद अफसरों ने नर्सिंगहोम जाकर घायल बच्चों को देखने के साथ उनके परिजनों से पूछताछ की। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी राम सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। मामले की गंभीरता से जांच करवाई जाएगी। दोषी पाए जाने पर स्कूल प्रबंधक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।