कानपुर में बिधनू के कुल्हौरी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करने गए डॉक्टराें के साथ प्रधान पति और उसके साथियों ने मारपीट की। इस दौरान नर्सों से बदसलूकी भी की गई। गुस्साए डॉक्टरों ने बिधनू सीएचसी की ओपीडी बंद कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर हंगामा किया। थाना प्रभारी द्रविण कुमार सिंह ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। प्रधान पति पुलिस विभाग में सिपाही है। इस वक्त वह छुट्टी पर घर आया है।
प्राथमिक विद्यालय में इंटर लॉकिंग का काम ग्राम प्रधान स्वाति सिंह के पति सोनू सिंह की देखरेख में चल रहा है। शुक्रवार सुबह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधनू से डॉ. गौरव त्रिपाठी, डॉ. शिवकांत मिश्रा, डॉ. अभिषेक गुप्ता, डॉ. अमित कुमार तीन महिला नर्सों और पैरामेडिकल स्टाफ के साथ प्राथमिक विद्यालय पहुंचे। कार स्कूल के बाहर खड़ी करके डॉक्टर और स्टाफ इंटर लॉकिंग के ऊपर से स्कूल के भीतर जा रहे थे। इस पर प्रधान पति ने गाली गलौज शुरू कर दी।
इसका विरोध करने पर प्रधान पति ने छह साथियों के साथ मिलकर डॉक्टरों से मारपीट और नर्सों से बदसलूकी की। आरोप है कि प्रधान पति ने पत्थर मार कर कार चालक पवन सिंह का सिर भी फोड़ दिया। पुलिस ने घायल चालक को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। थाना प्रभारी के मुताबिक प्रधान पति सोनू सिंह फतेहपुर के अमरौली में थाने में तैनात है। डॉक्टरों की तहरीर पर सोनू और उसके साथियों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, मारपीट, गाली गलौज, धमकी व अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।