हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा। भोर करीब चार बजे से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था, जो लगातार जारी रहा। कई भक्त रविवार रात से ही मंदिर के बाहर कतार में लग गए थे। भक्तों ने गंगाजल, बेलपत्र, फूल और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर बाबा नंदेश्वर का जलाभिषेक किया।
कई जिलों और पड़ोसी राज्यों से पहुंचे भक्त
सावन के अंतिम सोमवार का विशेष महत्व होने के कारण नंदेश्वर धाम में कानपुर के अलावा हमीरपुर, फतेहपुर, उन्नाव समेत अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पड़ोसी राज्यों से भी हजारों भक्त बाबा के दर्शन और जलाभिषेक के लिए आए। बड़ी संख्या में डाक कांवड़िए और पैदल कांवड़ यात्रा कर रहे शिवभक्त गंगाजल लेकर मंदिर पहुंचे।
बैरिकेडिंग के साथ पुलिस की कड़ी निगरानी
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। मंदिर परिसर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराया गया। महिला श्रद्धालुओं के लिए अलग व्यवस्था की गई। मंदिर और आसपास के क्षेत्र में ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। पुलिसकर्मी लगातार भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखते रहे, जिससे किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
http://
अंतिम सोमवार पर कई गुना बढ़ जाती है भीड़
मंदिर प्रशासन के अनुसार सावन माह में यहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, लेकिन सावन के अंतिम सोमवार पर भक्तों की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। इसे देखते हुए पुलिस और मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए। मंदिर परिसर में देर तक हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालु कतार में लगकर बाबा के दर्शन और जलाभिषेक करते रहे। आस्था और भक्ति के इस माहौल में पूरा नंदेश्वर धाम शिवमय नजर आया।