झींझक। नगर पालिका क्षेत्र में रेलवे स्टेशन से खानपुर रोड होते हुए नगर के स्वागत द्वार तक मंडी परिषद द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य का रविवार को नगर पालिका अध्यक्ष अमित तिवारी ने निरीक्षण किया। उन्होंने मंडी परिषद के जेई से वार्ता कर गुणवत्ता मानक के अनुरूप निर्माण के निर्देश दिए।
झींझक रेलवे स्टेशन से स्वागत द्वार तक करीब एक किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण के लिए मंडी परिषद ने 26.46 लाख रुपये की मंजूरी दी है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद ठेकेदार ने सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया है। वर्तमान में सड़क पर एजिंग का कार्य कराया जा रहा है। इसी बीच मोहल्ले के लोगों ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष से शिकायत की थी। नगर पालिका अध्यक्ष अमित तिवारी रविवार को मौके पर पहुंचे और निर्माणाधीन सड़क का बारीकी से निरीक्षण किया।
उन्होंने मंडी परिषद के जेई को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाए। मंडी परिषद के जेई हरेंद्र ने बताया कि नगर पालिका अध्यक्ष की ओर से बताई गई कमियों को शीघ्र ही दुरुस्त करा दिया जाएगा। प्रस्तावित सड़क में लगभग 300 मीटर इंटरलॉकिंग और करीब 700 मीटर डामरीकृत सड़क का निर्माण कराया जाना है। यहां हरीशंकर, सौरभ त्रिपाठी, अजय प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।