नवरात्र के पांचवें दिन शहर में माता के जयकारों के साथ जगह-जगह समाज में महिलाओं के प्रति बढ़ रहे अपराधों पर अंकुश लगाने लगाने की आवाज भी उठी।
कहीं मां गंगा की आरती उतार तक महिलाओं के प्रति सम्मान जनक सोच के लिए प्रेरित किया गया और कहीं नारियल की बलि देकर शक्ति स्वरूपा के समक्ष मन्नत मांगी गई। उधर, काली बाड़ी मंदिर, ओईएफ ग्राउंड और हीरा पन्ना गेस्ट हाउस में पंडाल पूजा की तैयारियां जोरों पर रहीं।
शनिवार को बंगाली मोहाल काली माता मंदिर में भीड़ उमड़ी। भक्तों ने माता को नारियल की बलि देकर मन्नत मांगी, और ताला बांध कर बेटियों की रक्षा-सुरक्षा का आह्वान किया गया। उधर, नारी सम्मान चेतना समिति ने बड़ा चौराहे पर भारत माता प्रतिमा के समक्ष एक बच्ची को मां दुर्गा का रूप देकर नारी सम्मान का मुद्दा उठाया।
कार्यक्रम में ‘सोच बदलो समाज बदलेगा’ और ‘नौ दिन नहीं हमें 365 दिन सम्मान चाहिए’ जैसे स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर महिलाओं ने लोगों को जागरूक किया। पार्षद व संगठन अध्यक्ष डॉ. नीना अवस्थी, मुख्य वक्ता किरन तिवारी और आयोजक आकांक्षा गुप्ता ने भारतीय संस्कृति और समाज में नारी की महत्ता के बारे में बताया।
महिलाओं के अपमान से जुड़े मुदद्ों पर भी चर्चा हुई। जुही के हरिहर नाथ शास्त्री नगर पार्क में चल रही दुर्गा पूजा में कलाकारों ने शिव-काली तांडव के जरिए बेटी बचाओ का संदेश दिया। बरसाने की होली खूब रही।
उधर बाबा त्रयंबकेश्वर नारायण सेवा समिति श्याम नगर में शनिवार को कन्या भोज का आयोजन हुआ। इस मौके पर लोगों को नशा मुक्ति का संकल्प दिलाया गया। साथ ही बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में दुर्गा तिवारी, डीपी तिवारी, अभिषेक त्रिपाठी, राधा त्रिफाठी, मोहित, शिव शंकर पांडेय और शरद अग्रवाल आदि मौजूद रहे।