गौरैया बचाओ संदेश अभियान के तहत शहर समेत दूर-दराज के शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रम कराए जा रहे हैं। 20 मार्च को विश्व गौरैया दिवस पर शहर की अग्रणी भूमिका के उद्देश्य से गौरैया के घोंसलों को घर-घर लगाने काम चल रहा है।
जू प्रशासन और सुदर्शन लीडिंग लीडरशिप के बैनर तले शुक्रवार को रूमा के एलन हाउस इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी और एलन हाउस पब्लिक स्कूल में जागरूकता अभियान चला। इसमें 500 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।कार्यक्रम में स्टूडेंटों के बीच गौरैया विषय पर पोस्टर, स्लोगन आदि प्रतियोगिताएं कराई गईं।
बच्चों के बीच गौरैया के घोंसलेे बांटे गए। स्लोगन प्रतियोगिता में स्कूल के कक्षा पांच की छात्रा इशिता मिश्रा ने पहला, कक्षा छह के मोहम्मद ईसा को दूसरा और कक्षा पांच की प्रेक्षा खंडेलवाल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन के ऑफिस में लगाए गए घोंसलों को देखा गया।
इनमें से काफी में गौरैया ने घोंसले बना लिए हैं। इस कार्यक्रम में जू निदेशक दीपक कुमार, डीएफओ रामकुमार, सुदर्शन लीडिंग लीडरशिप के कोआर्डिनेटर गौरव बाजपेई, एलन हाउस की कोमल दीवान, डा. विकास मिश्र समेत स्टूडेंट और टीचर्स मौजूद रहे।