सोशल मीडिया पर चल रही खबर सही है या गलत, अब आप इसे सत्यान्वेषी तकनीक से जान पाएंगे। आईआईटी के छात्रों ने प्रोफेसरों संग मिलकर यह तकनीक विकसित की है। फिलहाल यह तकनीक सिर्फ अंग्रेजी भाषा में ही काम करेगी। हिंदी में सवाल पूछने पर उत्तर नहीं मिलेगा।
संस्थान के कंप्यूटर साइंस के प्रो. स्वप्रभ नाथ, बीएसबीई विभाग के प्रो. हामिम जाफर की देखरेख में छात्र अंकुर गुप्ता, नित्या मत्तेनेनी, यश वरुण व प्रार्थना दास ने असली व नकली खबरों के बीच अंतर बताने वाले सिस्टम को तैयार किया है।
यह आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) के तहत काम करेगा। वैज्ञानिकों की यह टीम सैन डिएगो, कैलिफोर्निया के साथ एक स्टार्टअप इनफोपोस्ट पर भी काम कर रही है।
ऐसे काम करेगा सत्यान्वेषी
+1(415)523-8886 नंबर को सत्यान्वेषी नाम से मोबाइल पर सेव करें। इसके बाद इसी नंबर पर पहला संदेश join milk-had लिखकर भेजें। फिर सीधे प्रश्न पूछ सकते हैं, जैसे शराब पीना कोविड-19 को रोकता है या लहसुन खाने से कोविड-19 नहीं होता है।
कुछ सेकेंड के बाद इससे जुड़ा आर्टिकल आ जाता है जिससे सही-गलत की जानकारी मिलती है। फेसबुक पेज पर भी http://m.me/satyanweshi2020 लॉग-इन कर भी विभिन्न प्रश्न पूछ सकते हैं।