सट्टा किंग सोनू सरदार पर जयपुर पुलिस ने भी शिकंजा कसा है। कानपुर पुलिस के इनपुट पर जयपुर पुलिस ने सोनू और उसके गिरोह के सटोरियों के ठिकानों पर दबिश देकर सवा चार करोड़ रुपये बरामद किए हैं। सोनू को वहां भी आरोपी बनाया गया है। शहर पुलिस ने कुछ समय पहले करीब एक करोड़ रुपये का सट्टा पकड़ा था।
छह सटोरियों को जेल भेजा था। करीब एक महीने के बाद पुलिस ने जयपुर से गिरोह के सरगना सोनू सरदार को गिरफ्तार किया था। हालांकि उसे कोर्ट से तुरंत जमानत मिल गई थी। पुलिस ने उस पर गैंगस्टर की कार्रवाई भी की है। एसपी पश्चिम डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि सोनू और उसके साथियों से पूछताछ करने के साथ ही उनके मोबाइल नंबरों की सीडीआर से अहम जानकारियां मिली थीं।
पता चला था कि सोनू का एक बड़ा गिरोह जयपुर में हैं। जो रोजाना करोड़ों का सट्टा खिलवा रहा है। यह जानकारी जयपुर पुलिस को दी गई थी। इसी आधार पर जयपुर पुलिस ने सोनू के साथ उसके तीन-चार साथियों के ठिकानों पर कार्रवाई की। अब सोनू दोनों मामलों में वांछित है। एसपी ने बताया कि उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। जल्द उसको गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
पासपोर्ट रद्द करने को भेजी रिपोर्ट
सोनू सरदार के संपर्क में दुबई, नेपाल समेत यूरोपियन देशों के बुकी भी शामिल हैं। दुबई में सोनू ने शेयर मार्केट में बड़ी रकम भी इनवेस्ट कर रखी है। एसपी पश्चिम डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि सोनू का पासपोर्ट रद्द कराने को पासपोर्ट कार्यालय को रिपोर्ट भेज दी गई है। आशंका है कि जयपुर से भी उसने पासपोर्ट बनवाया है। उसे भी रद्द कराया जाएगा।