उन्नाव जिले के बांगरमऊ कस्बा स्थित मढ़ापुर मार्ग पर सड़क किनारे 20 साल से झोपड़ी बनाकर रह रहे 65 वर्षीय सन्यासी को मंगलवार रात सोते समय गोली मार दी। कमर के नीचे गोली लगने से वह लहूलुहान हो गए। गंभीर हालत में पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां से उन्हें कानपुर हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना बांगरमऊ कोतवाली से 50 मीटर की दूरी पर हुई। बेहटामुजावर थाना क्षेत्र के साल्हाखेड़ा गांव निवासी सोबरन (65) पिछले 20 वर्ष से बांगरमऊ कस्बा के मढ़ापुर मार्ग पर झोपड़ी बनाकर अकेले रह रहे थे। झोपड़ी में ही वह पूजा पाठ कर सन्यासी जीवन बिता रहे थे।
मंगलवार रात वह झोपड़ी के बाहर चारपाई में मच्छरदानी लगा कर सो रहे थे। रात 2 बजे करीब किसी ने सोते वक्त वृद्ध को गोली मार दी। कमर में गोली लगने से वृद्ध लहूलुहान हो गए। उनका शोर सुन आसपास के लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
कोतवाल भावनाथ चौधरी ने उन्हें सीएचसी पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।