कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विवि में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के तत्वावधान में जर्नलिस्ट प्रीमियर लीग (जेपीएल) का आयोजन शनिवार को हुआ। इसमें संजय मित्तल इलेवन ने निधि मित्तल इलेवन को नौ विकेट से हराकर खिताब जीता।
मैच में निधि मित्तल इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 89 रन बनाए। वहीं संजय मित्तल इलेवन ने पांच ओवर में एक विकेट खोकर 92 रन बनाकर मैच जीता। जीत में आयुष कुमार ने 23 गेंदों में 64 रन जोड़े। इस पर उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
वहीं, पत्रकारिता विभाग की छात्राओं के बीच भी पांच ओवर का मैच खेला गया। इसमें संजय मित्तल इलेवन (महिला) टीम ने 60 रन बनाए। जवाब में निधि मित्तल इलेवन (महिला) टीम 49 रन ही बना सकी। 17 गेंदों पर 36 रन की शानदार पारी खेलने वाली महिमा को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
विजेताओं को ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया गया। मौके पर विभागाध्यक्ष डॉ. विशाल शर्मा, डॉ. ओम शंकर गुप्ता, डॉ. दिवाकर अवस्थी, डॉ. जितेंद्र डबराल, डॉ. रश्मि गौतम, डॉ. हरीओम कुमार, प्रेम किशोर शुक्ला, सागर कनौजिया, शैल शुक्ला, मैनेजर विजय सोनी आदि मौजूद रहे।