एशिया कप के फाइनल मैच में जीत के बाद भारतीय टीम ने पाकिस्तान के किसी भी अधिकारी के हाथ से ट्रॉफी लेने से इन्कार कर दिया था। इस पर पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए शुभम द्विवेदी के पिता श्यामनगर निवासी संजय द्विवेदी ने टीम के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि हम शुरू से ही इस आयोजन का विरोध कर रहे हैं।
विज्ञापन
वहीं हमारे देश के खिलाड़ियों ने जिस तरह पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों के परिजनों के साथ सहानुभूति दिखाई मैं उसके लिए उन्हें धन्यवाद देता हूं। पाकिस्तान जो आतंक फैलाता है उसे हर स्तर पर रोकने की जरूरत है। उसके साथ खेल या अन्य किसी भी तरह के संबंध रखना गलत है। हमारे देश को इस तरह से संदेश देना चाहिए की पूरी दुनिया में उसे आतंकी देश घोषित किया जाए। उससे हर तरह के संबंध खत्म होने चाहिए। एशिया कप में शामिल पाकिस्तान को मैच से काफी रुपये मिले हैं और वह इन पैसे से आतंकवादियों को तैयार कर सकता है।