संडीला के चर्चित शिवम जायसवाल हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द करने का दावा कर रही पुलिस हाथ मलते रह गई। तीन आरोपियों ने पुलिस को ठेंगा दिखाते हुए शनिवार शाम न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। एक आरोपी को पुलिस ने घटना के दिन ही गिरफ्तार कर लिया था। खास बात यह है कि आत्मसमर्पण करने वाले तीनों आरोपियों पर पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा था।
बीते 21 जुलाई को संडीला निवासी भट्ठा व्यवसायी शिवम जायसवाल उन्नाव मार्ग पर बाइक से जा रहे थे। ऑटो में सवार होकर आए पांच लोगों ने बाइक से सटाकर उनके पेट में गोली मार दी थी। 23 जुलाई की रात लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में शिवम की मौत हो गई थी। पुलिस ने मृतक के भाई रिषभ जायसवाल की शिकायत पर सूरज सिंह, शिवा सिंह, पवन सिह, मनसू और साहिल के खिलाफ हत्या समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया था। पोस्टमार्टम के बाद शव आने पर नगर में माहौल बिगड़ने लगा था।
आनन फानन पुलिस ने पांचों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया था। इस बीच पुलिस ने साहिल को गिरफ्तार किया और न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया था। बाकी चारों इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द किए जाने का दावा पुलिस कर रही थी लेकिन पुलिस के इन दावों की धूल हत्यारोपियों ने उड़ा दी।
गुपचुप ढंग से पवन सिंह और शिवा सिंह के साथ मनसू ने भी न्यायालय में आत्म समर्पण कर दिया। यहां से तीनों को जेल भेज दिया गया। सीओ संतोष सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों के न्यायालय में आत्म समर्पण कर देने की जानकारी न्यायालय और जेल प्रशासन से मिली है। न्यायालय के आदेशानुसार कार्रवाई की जाएगी।
आरोपियों और पुलिस के बीच गठजोड़ की चर्चा हर जुबां पर
25-25 हजार के तीन इनामी हत्यारोपियों का न्यायालय में आत्म समर्पण कर देना किसी के गले नहीं उतर रहा। इसको लेकर संडीला कोतवाली पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। दरअसल शिवम का शव आने के बाद लोगों में खासा आक्रोश था। पुलिस ने यही कहकर लोगों को समझाया था कि आरोपियों पर इनाम घोषित किया गया है और जल्द ही इन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके बावजूद मुख्य आरोपी समेत तीन इनामी न्यायालय में आत्म समर्पण करने में सफल रहे। न सिर्फ संडीला नगर बल्कि आसपास के इलाकों में भी कोतवाली पुलिस और आरोपियों के बीच गठजोड़ की चर्चा हर जुबां पर है। अब देखना यह है कि मामले में पांचवें आरोपी को पुलिस गिरफ्तार कर पाएगी या उसे भी आत्मसमर्पण का मौका देगी।