बांदा के नरैनी में अपने निर्वाचन क्षेत्र स्थित बालू खदान में अवैध खनन देखने गए नरैनी क्षेत्र के भाजपा विधायक राजकरन कबीर पर बालू माफियाओं ने फायरिंग कर दी। बकौल विधायक उनके वाहन पर ट्रक चढ़ाने की भी कोशिश की गई। उनके सुरक्षा गार्ड ने आत्मरक्षा में फायर किए।
विधायक ने फिलहाल पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है। घटना नरैनी कोतवाली क्षेत्र के लहुरेटा गांव में स्थित केन नदी बालू खदान की है। विधायक राजकरन कबीर ने बताया कि वे गुरुवार की रात करीब 9 बजे लहुरेटा गांव गए थे। वहां केन नदी में दर्जनों ट्रैक्टर और ट्रकों में पोकलैंड और जेसीबी मशीनों से अवैध खनन के जरिये बालू से लोड की जा रही थी।