यूपी के फर्रुखाबाद जिले में लोकसभा चुनाव की आदर्श आचार संहिता के पालन को भले ही प्रशासन कड़ी निगरानी रख रहा है। लेकिन ग्राम पंचायत हमीरखेड़ा में लगा सपा शासन की योजना का गुणगान करने वाला बोर्ड दो चुुनाव से लगातार आचार संहिता की धज्जियां उड़ा रहा है। इस पर अब तक प्रशासन की नजर नहीं पहुंची है।
मोहम्मदाबाद ब्लॉक क्षेत्र के हमीरखेड़ा गांव में वर्ष 2016-17 में सीसी रोड व नाली निर्माण कराया गया था। जनेश्वर मिश्र ग्राम योजना के तहत हुए इस विकास कार्य के बाद गांव स्थित इंटर कॉलेज के गेट के सामने बोर्ड लगाया गया। इस पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की फोटो, योजना का नाम व 35 लाख रुपये लागत भी अंकित है।
इसमें कार्यदायी संस्था राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद व नोडल अधिकारी उपनिदेशक निर्माण का नाम व मोबाइल नंबर भी लिखा है। इसके बाद प्रदेश में सत्ता परिवर्तन भी हो चुका। विधानसभा चुनाव की आचार संहिता के दौरान भी प्रशासनिक अधिकारियों की नजर इस बोर्ड पर नहीं पड़ी। अब लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लागू है। भले ही शहर व ग्रामीण क्षेत्र में अभियान चलाकर राजनीतिक बोर्ड व बैनर हटवाए गए हों, लेकिन प्रशासन की नजर से अभी भी यह बोर्ड बहुत दूर है।