कानपुर। बिधनू में 25 फरवरी की देर रात भवानीपुर गांव के पास देसी शराब ठेके के सेल्समैन के साथी की हत्या करने के एक आरोपी को रविवार देर रात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दाहिने पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पूछताछ में उसने तीन लोगों के हत्या में शामिल होने की बात कबूली है।
बिधनू इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह के अनुसार रविवार देर रात गश्त के दौरान पं. रामसनेही मिश्र मार्ग में लोहे के शटर पुल के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रुकने के लिए कहा गया। उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दाहिने पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। उसे इलाज के लिए बिधनू सीएचसी लाया गया। पुलिस की पूछताछ में बदमाश ने अपना नाम फतेहपुर के मधौखी कल्याणपुर निवासी चांद बाबू बताया। उसने बताया कि 25 फरवरी को वह अपने साथियों अमित और शुभम के साथ शादी समारोह में जा रहे थे। देसी शराब ठेके में शराब देने से मना करने पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर डंडे से सेल्समैन पवन और उसके साथी उदय को पीटकर लहूलुहान कर दिया था। इसमें उदय की मौत हो गई थी।
मालूम हो कि भवानीपुर गांव के नजदीक पं. रामसनेही मिश्र मार्ग में स्थित देसी शराब ठेके में फतेहपुर के चांदपुर कुलखेड़ा निवासी पवन तिवारी ठेके में सेल्समैन का काम करते हैं। भवानीपुर गांव निवासी उदय सिंह उर्फ बाबा (53) अक्सर शाम को मित्र से मिलने ठेके आ जाते थे। 25 फरवरी को देररात 12 बजे के करीब अज्ञात लोगों को ठेका बंद होने का हवाला देकर शराब देने से मना कर दिया था। उदय के ठेके से बाहर आने पर अज्ञात लोगों ने उस पर डंडे से अचानक हमला कर दिया था।
चीख सुनकर पवन बचाने के लिए बाहर निकले तो उसे भी पीटना शुरू कर दिया था। सिर में डंडा लगने से दोनों लहूलुहान होकर गंभीररूप से घायल हो गए थे। हमलावर सेल्समैन पवन का मोबाइल भी लेकर फरार हो गए थे। सेल्समैन पवन के भाई रितेश की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज की थी। वहीं इलाज के दौरान उदय की मौत के बाद पुलिस ने गैरइरादतन हत्या की धारा बढ़ाई थी। सूचना पर डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।