पांच अगस्त को जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 खत्म हुआ था और पांच अगस्त को ही अयोध्या में भव्य राम मंदिर का शिलान्यास होगा। यहीं से नए युग की शुरुआत होगी। विपक्षी पूछते थे कि मोदी जी अयोध्या कब जाएंगे।
लेकिन मोदी जी का संकल्प था कि राम मंदिर का शिलान्यास करने ही जाएंगे। भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने रविवार को अपने कार्यालय में मीडिया से यह बात कही। उन्होंने कहा कि एक समय था जब विपक्षी कटाक्ष करते थे कि राम लला हम आएंगे लेकिन तारीख नहीं बताएंगे।
अब हमारी सरकार ने मंदिर बनाने का रास्ता साफ किया और शिलान्यास की तारीख भी बता दी। 5 अगस्त को भव्य श्रीराम मंदिर का शिलान्यास होने जा रहा है। विरोधियों को कुछ नहीं सूझ रहा है तो कह रहे हैं कोरोना है और मंदिर के सिवाए कुछ नहीं दिखाई दे रहा। हम अयोध्या को आस्था का सबसे बड़ा केंद्र बनाने वाले हैं। विश्व के लोग प्रेरणा लेंगे। अब तो विदेशी और इस्लाम को मानने वाले कहने लगे कि हमने धर्म बदला है अपने देवता नहीं बदले हैं।
प्रधानमंत्री ने सेना और देश की सीमाओं को मजबूत किया
राफेल खरीद पर सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की सेना और सीमाओं को मजबूत किया है। भारत विश्व में सबसे बड़ी शक्ति बनने की स्थिति में पहुंच गया है। इसका श्रेय केवल प्रधानमंत्री को जाता है। राफेल से चीन और पाकिस्तान को साफ संदेश दे दिया है कि गलती से भी हथियार मत उठा लेना।
कांग्रेस पर बोला हमला
राजस्थान में चल रहे सियासी घमासान पर कांग्रेस के आरोपों पर साक्षी महराज ने कहा कि कांग्रेस से अपने घर की लड़ाई संभलती नहीं और दोष भाजपा पर मढ़ते हैं। भाजपा का इससे कोई लेना-देना नहीं है।