फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सातवें आसमान पर साक्षी महाराज का गुस्सा, जानिए क्यों बोले- किसी दिन हथौड़ा लेकर सभी पत्थर तोड़ देंगे

Thu, 19 Sep 2019 11:33 AM IST
शिखा पांडेय यूपी डेस्क, अमर उजाला, उन्नाव
विज्ञापन
बैठक में मौजूद साक्षी महाराज - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

उन्नाव में जिले की प्रभारी मंत्री ने विकास योजनाओं की अपनी पहली समीक्षा बैठक की। प्रशासन ने कागजों पर योजनाओं की जो प्रगति दिखाई तो प्रभारी मंत्री ने भी उसे सही मानकर अधिकारियों की पास कर दिया। हालांकि इस दौरान सिर्फ दो विभागों के अधिकारियों को उनकी फटकार सुननी पड़ी। 

विज्ञापन


साक्षी महाराज बोले, जूतम पैजार की स्थिति न पैदा करें
समीक्षा बैठक के दौरान सांसद साक्षी महाराज का पारा उस समय सातवें आसमान पर पहुंच गया जब विकास कार्यों में पत्थर लगने की चर्चा चली। बैठक में मौजूद सूत्रों की मानें तो सांसद ने तो यहां तक बोल दिया कि संतकबीर नगर में विधायक और सांसद के बीच हुई जूतम पैजार की स्थिति यहां न पैदा करें। प्रभारी मंत्री से कहा कि जो भी कार्य कराए जाते हैं उसके पत्थर में उनका नाम नहीं होता है।

यह सही नहीं है। इसे सुधार लें वरना किसी दिन हथौड़ा लेकर सभी पत्थर तोड़ देंगे। सभी पत्थरों पर सांसद, विधायक का नाम होना चाहिए। बाद में पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल पर कहा कि उन्होंने अधिकारियों से सिर्फ इतना कहा था कि वह अपने कर्तव्यों का पालन करें। अब तक जो चलता रहा है वह आगे नहीं चलना चाहिए।

विज्ञापन

प्राविधिक शिक्षा व जिले की प्रभारी मंत्री कमलरानी वरुण बुधवार दोपहर करीब 12 बजे विकासभवन सभागार पहुंची। यहां पर उन्होंने शासन के महत्वपूर्ण 71 बिंदुओं से जुड़े विकास कार्यों और कानून व्यवस्था पर समीक्षा बैठक की। सबसे पहले उनके सामने बिजली विभाग की शिकायतें पहुंची। जनप्रतिनिधियों तक ने कहा कि जिले में बिजली आपूर्ति ध्वस्त चल रही है। प्रभारी मंत्री ने अधीक्षण अभियंता को निशाने पर लेकर फटकार लगाई।

कहा कि सात दिन में बिजली व्यवस्था में सुधार दिखना चाहिए। इसके बाद जलनिगम द्वारा अमृत योजना के तहत शहर में पाइप डालने के लिए की गई खुदाई पर नाराजगी जताई और एक्सईएन से जवाब तलब किया। उन्होंने कहा कि कई योजनाओं में अधिकारी अच्छा काम कर रहे हैं। जिससे जनपद विकास में टॉप 10 में है। अधिकारियों से कहा कि योजनाओं को गति देने के लिए अपने क्षेत्रों में जाकर कैंप लगाकर कार्य करें। जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिया कि तीन दिन कार्यालय में काम करें। शेष दिन फील्ड में निकलें।

जिससे लाभार्थी के सभी कार्य उनके दरवाजे पर ही हो जाएं। कहा कि जो कमियां इस बैठक में मिली हैं वह अगली बैठक में नहीं मिलनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने रामदेव किसान को ट्रैक्टर, पांच किसानों को सोलर पंप, 20 लाभार्थियों को आयुष्मान गोल्डन कार्ड और कुछ को प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी की प्रतीक स्वरूप चाभी भेंट की। 
विज्ञापन

प्रभारी मंत्री ने अलापा परिवर्तन का राग
शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक में छुट्टा मवेशियों की भरमार है। किसान परेशान हैं। रात, दिन खेतों में रहकर फसलों की रखवाली कर रहे हैं लेकिन प्रभारी मंत्री इससे जुड़े सवालों पर प्रशासन से जानकारी करने के स्थान पर जल्द परिवर्तन आने का दावा करती रहीं। पत्रकारों के सवालों पर प्रभारी मंत्री का कहना था कि सरकार को समय दीजिए। काम हो रहा है, जल्द परिवर्तन आएगा। जब उनसे पूछा गया कि काम शुरू हुए छह माह से अधिक समय हो गया है लेकिन धरातल पर उसका कोई असर नहीं दिख रहा है तो वह कोई जवाब नहीं दे सकीं।

जिले में ग्रामीण समूह पेयजल की 71 परियोजनाओं में अधिकांश के बंद होने के सवाल पर वह डीएम देवेंद्र कुमार पांडेय की ओर देखने लगी। एक ही कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल को 100 करोड़ के काम देने और उसके द्वारा अनियमितता बरती जाने के सवाल पर उन्होंने डीएम से जानकारी ली। चमरौली में एक ही दिन में शौचालय गिरने को लेकर सवाल का जवाब नहीं दिया। बैठक में सदर विधायक पंकज गुप्ता, सफीपुर बंबालाल दिवाकर, मोहान के बृजेश रावत, ब्लाक प्रमुख अरुण सिंह मौजूद रहे। पुरवा विधायक अनिल सिंह बैठक में उपस्थित नहीं थे। इसके अलावा डीएम देवेंद्र कुमार पांडेय, एसपी एमपी वर्मा, सीडीओ प्रेमरंजन सिंह, पीडी जनार्दन सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें