उन्नाव जिले में ग्राम पंचायत हसनापुर में ग्राम व क्षेत्र पंचायत निधि से कराए गए विकास कार्यों का रविवार को लोकार्पण करने पहुंचे सांसद साक्षी महाराज ने पश्चिम बंगाल में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने का दावा किया। ओवैसी और फारूक अब्दुल्ला पर निशाना साधा।
वहीं नेताजी सुभाषचंद्र बोस को आजादी का नायक बताते हुए कहा कि नेताजी न होते तो देश आजाद न होता। एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी का नाम लिए बगैर सांसद ने कहा कि ‘हैदराबादी चिल्ला, चिल्लाकर कह रहा था कि राम मंदिर बनेगा तो खून की नदियां बहेगी।’
अब तो मंदिर का शिलान्यास हो चुका है। उन्होंने कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला पर निशाना साधा। कहा कि मोदी सरकार ने 370 के साथ ही 35ए को समाप्त कर दिया। हर कश्मीरी को खुल के जीने का मौका दिया और कश्मीर के लाल चौक पर तिरंगा फहरा दिया। सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल में भाजपा पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। सांसद ने जल्द जनसंख्या कानून बनने की भी बात दोहराई।
82 करोड़ से बनी सड़कों का लोकार्पण
सांसद साक्षी महाराज के साथ मोहान विधायक बृजेश रावत व ब्लाक प्रमुख अरुण सिंह ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत 82 करोड़ की लागत की 85.8 किमी सड़कों का लोकार्पण किया। इसके अलावा सामुदायिक शौचालय व अन्य विकास कार्यों का भी लोकार्पण किया। इसके अलावा ब्लाक क्षेत्र के गांव भगवंतपुर स्थित विद्यालय में सीसी रोड का लोकार्पण करते हुए बच्चों को स्वेटर वितरित किए। यहां पूर्व जिला संयोजक भाजयुमो वाणीकांत द्विवेदी व सांसद प्रतिनिधि आलोक जायसवाल मौजूद रहे।