पुलिस की गिरफ्त में आरोपी साधु गोविंद
- फोटो : अमर उजाला
स्कूल के पास खेल रही चार साल की बच्ची को साधु प्रसाद देने के बहाने मंदिर में ले गया। बाद में मंदिर के कमरे में बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर उधर से निकाल रहा भाई मौके पर पहुंच गया। भाई के शोर मचाने पर गांव वाले व परिजनों ने पहुंचकर साधु को पकड़कर जमकर पीटा। जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ग्रामीणों के चंगुल से साधु को छुड़ाकर थाने ले गई। इस पर ग्रामीण थाने का घेराव कर साधु को उनके हवाले करने की मांग करने लगे। पुलिस ने उन्हें समझाबुझा कर शांत किया। पुलिस ने बच्ची को मेडिकल प्रशिक्षण के लिए भेजा है। पुलिस के मुताबिक पिता की तहरीर पर साधु गोविंद के खिलाफ पाक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मानवता को शर्मसार कर देने वाली ये घटना यूपी के फर्रुखाबाद जिले की है।
शमसाबाद थाना क्षेत्र में रहने वाली चार वर्षीय बच्ची बुधवार की दोपहर पड़ोस के अन्य बच्चों के साथ कुछ दूरी पर स्थित प्राइमरी पाठशाला के पास खेल रही थी। इसी गांव में स्थित मंदिर का साधु बच्ची व दो अन्य बच्चों को प्रसाद देने के बहाने मंदिर में ले गया। साधु ने दो बच्चों को प्रसाद देकर मंदिर से लौटा दिया। इसके बाद बच्ची को अपने साथ मंदिर के कमरे में ले जाकर दुष्कर्म किया। इस दौरान मंदिर के पास से बच्ची का भाई निकल रहा था। रोने की आवाज सुनकर उसका भाई वहां पर पहुंच गया। उसने बच्ची को कमरे में साधु के साथ देखा तो शोर मचाकर गांव वालों को एकत्रित कर लिया।
बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर लिया और साधु को उनके हवाले करने की मांग की
घटनास्थल का निरीक्षण करते एसपी संतोष मिश्रा, एएसपी त्रिभुवन सिंह
- फोटो : अमर उजाला
सूचना मिलने पर घर वाले भी पहुंच गए। परिजनों व ग्रामीणों ने साधु को पकड़ जमकर पीटना शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर प्रभारी एसओ श्रीकृष्ण शर्मा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भीड़ से साधु को छुड़ाया और उसे थाने ले गए। उधर, बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर लिया और साधु को उनके हवाले करने की मांग की।
इस पर पुलिस ने किसी तरह ग्रामीणों को समझाबुझा कर शांत किया। पकड़े गए साधु ने अपना नाम गोविंद निवासी जिला कासगंज थाना थाना सिढ़पुरा गांव समौची गोविंद बताया। एसपी संतोष मिश्रा, एएसपी त्रिभुवन सिंह, सीओ कायमगंज अखिलेश राय ने मौके पर जाकर छानबीन की। फोरेंसिक टीम ने नमूने लिए। पिता की तहरीर पर पुलिस ने साधु के खिलाफ पाक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।