कानपुर देहात। बारदाना की कमी सरकारी अनाज खरीद में न हो इसको लेकर चित्रकूट से 500 गांठें मंगवाई गई हैं। रविवार को पहली खेप में 75 गांठें पहुंचेंगी। प्रति गांठ में पांच सौ बोरियां होती है।
श्रीअन्न (बाजरा, ज्वार व मक्का) की सरकारी खरीद दिसंबर अंत तक ही होगी। इधर कई केंद्रों पर बारदाना खत्म होने से तौल रुकने की समस्या से किसान जूझ रहे हैं। पिछले दिनों रूरा क्रय केंद्र पर बारदाना खत्म होने से तीन दिन तक तौल रुकी रही। सरकारी खरीद के अंतिम माह में बारदाना की कमी से तौल न रुके इसके लिए 500 गांठें बारदाना चित्रकूट से मंगवाया गया है। मौजूदा समय में अधिकांश क्रय केंद्रों पर दो दिन से तीन दिन का ही बारदाना शेष है।
क्रय केंद्रों पर अनाज की तौल जारी रहे इसके लिए पहली खेप में बारदाना की 75 गांठें रविवार को पहुंचेंगी। चित्रकूट में ट्रकों पर गांठें लोड कराई जा रही हैं। क्षेत्रीय विपणन अधिकारी महेश वर्मा ने बताया कि पिछले दिनों जरूरत पर झांसी से बारदाना खेप मंगवाई गई थी। बुधवार को ही प्रति केंद्र छह-छह गांठें भेजी गई थीं। चित्रकूट से बारदाना खेप आने पर सोमवार को फिर से क्रय केंद्रों पर छह-छह गांठें भेजी जाएगी।
.......................
खरीदा गया श्रीअन्न उठान पर जोर
क्षेत्रीय विपणन अधिकारी महेश वर्मा ने बताया कि अकबरपुर उपमंडी स्थल पर डंप सरकारी श्रीअन्न को उत्तरीपुरा बफर गोदाम में भेजा जा रहा है। अब ट्रकों की संख्या बढ़ाई गई है। इससे इस सप्ताह में क्रय केंद्र से उठान तेजी से कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि क्रय केंद्र परिसर में धान की सरकारी खरीद के लिए स्थान उपलब्ध है। श्रीअन्न की उठान होने पर शेड में भी जगह हो जाएगी। इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे है।