गुरसहायगंज(कन्नौज)। नगर पालिका परिसर में गुरुवार को अधिशासी अधिकारी ने सभासदों के साथ बैठक की। उन्होंने लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया। कहा कि सबसे ज्यादा वैक्सीनेशन वाले वार्ड के सभासद को सम्मानित किया जाएगा।
अधिशासी अधिकारी मीनू सिंह ने कहा कि सभासद लोगों को कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित करें। आने वाली तीसरी लहर से बचाव के लिए हर किसी को कोरोनारोधी टीका लगवा लेना चाहिए। कोरोना महामारी से निपटने के लिए जांच कराने के लिए भी कहा। उन्होंने नगर पालिका कर्मियों को पीएम सम्मान निधि के लिए पात्रों के चयन के निर्देश दिए। कहा कि इसमें गड़बड़ी होने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यहां सभासद बबलू राठौर ने जल निगम के खोदी गई सड़कों को ठीक न किए जाने की शिकायत की।
सभासद अलीमुद्दीन ने मोहल्ले में पानी की किल्लत के बारे में शिकायत की। इस दौरान लिपिक अनिल प्रजापति, निर्माण लिपिक जिलेदार सिंह भी मौजूद रहे।