हरदोई जिले में सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम आदमपुर चमरौधा निवासी सियाराम (45) पुत्र पूरन लाल ग्रामीण डाक सेवक के पद पर तैनात था। हरदोई से हरपालपुर रोज डाक लेकर जाता था। गुरुवार सुबह भी वह हरदोई से डाक लेकर हरपालपुर जाने को अपनी मोपेड से निकला था।
सांडी कस्बे में बस अड्डे के निकट हनुमान मंदिर के पास उसकी मोपेड स्लिप हो गई। इसके कारण वह गिर गया। पीछे से आ रहे ट्रक ने उसे रौंद दिया। आनन-फानन ही उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।