कानपुर देहात। जिले में माइक्रो एटीएम की सुविधा तीसरे दिन भी पटरी पर नहीं आ सकी। कहीं डाककर्मी गांव नहीं पहुंचा तो कही शनिवार को भी सर्वर में दिक्कत के कारण लोगों के रुपये नहीं निकल सके। इससे ग्रामीणों को परेशान होना पड़ा।
लॉकडाउन के बाद बैंकों व एटीएम के बाहर भीड़ लगने लगी थी। सामाजिक दूरी का पालन नहीं हो पा रहा था। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन की ओर से माइक्रो एटीएम की सुविधा दी गई थी। इसमें डाक कर्मी के घर-घर जाकर लोगों को रुपये निकालने की व्यवस्था की गई थी। राजपुर में निर्धारित आठ गांव में से तीन जगहों पर डाक कर्मी नहीं पहुंचे। बचे पांच गांव में से दो गांवों में सर्वर नहीं आने से ग्रामीणों को परेशान होना पड़ा। बीडीओ ऊषा देवी ने बताया कि क्षेत्र के दुर्जरापुर, महटौली, मानपुर में 68 लोगों ने 85 हजार 500 रुपये निकाले। रसूलाबाद के बीस गांव में 215 लोगों ने दो लाख 90 हजार 700 रुपये निकाले और 12 हजार 800 रुपये जमा किए।
सरवनखेड़ा में नौ गांवों में माइक्रो एटीएम से 183 लोगों ने दो लाख 12 हजार 400 रुपये, संदलपुर के आठ गांव में 167 लोगों ने 86 हजार 500 रुपये, डेरापुर के दस गांव में 162 लोगों ने एक लाख 37 हजार 500 रुपये निकाले। उधर, पुखरायां में माइक्रो एटीएम से विकास खंड मलासा और अमरौधा की 14 ग्राम पंचायतों में चार लाख 31 हजार रुपये आहरित किए गए। बीडीओ भगवान सिंह चौहान ने बताया कि डाक विभाग से संचालित माइक्रो एटीएम शनिवार को मलासा विकास खंड के सिथराखुर्द, बरगवां, पुलंदर, जगदीशपुर, चौकी, बिरमा, विजईपुर, मुरलीपुर, बम्हनौती में ग्राहकों ने 2,90,500 रुपये आहरित किए। अमरौधा विकास खंड के बम्हरौली घाट, अटवा, बिरोहा, गिरधरपुर, फत्तेपुर में 1,40,500 रुपये का भुगतान हुआ।