पोस्टमार्टम हाउस में रोती मृतक की पत्नी और बेटा
- फोटो : amar ujala
कानपुर संभागीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) में तैनात प्रधान सहायक (बाबू) ने गुरुवार सुबह उन्नाव में झांसी पैसेंजर के आगे कूदकर जान दे दी। वह मूलरूप से लखनऊ के रहने वाले थे। मृतक के पास से मिले मोबाइल की मदद से पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। परिजन आत्महत्या की वजह नहीं बता सके। वहीं, पोस्टमॉर्टम हाउस में कार्यभार के तनाव के चलते जान देने की चर्चा रही।
लखनऊ के निशातगंज पेपर मिल निवासी राम प्रवेश वर्मा (56) कानपुर संभागीय परिवहन कार्यालय में प्रधान सहायक पद पर तैनात थे। वह कानपुर में किराए पर कमरा लेकर रहते थे। बेटे संचित के मुताबिक राम प्रवेश बुधवार को घर गए थे। गुरुवार सुबह 6:30 बजे संचित उन्हें बाइक स्टेशन छोड़ने के लिए निकला था। स्टेशन से थोड़ा पहले जाम लगा होने के चलते राम प्रवेश बाइक से उतरकर पैदल ही स्टेशन की ओर चले गए। सुबह 11:30 बजे उन्नाव पुलिस ने राम प्रवेश का शव ट्रैक पर मिलने की जानकारी दी। मां सविता के साथ थाने पहुंचकर संचित ने राम प्रवेश की शिनाख्त की। पुलिस ने पंचायतनामा भेजकर शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।